कोचिंग में बनाया था दोस्ती का दबाव
थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल के मुताबिक, आरोपी तनुज अग्रवाल से पूछताछ में पता चला कि वह जब 12वीं कक्षा में पढ़ता, तब कोचिंग में सदर की छात्रा भी पढ़ने आती थी। वह उससे दोस्ती की कहने लगा। मगर, छात्रा ने इनकार कर दिया।
इसके बावजूद वह एकतरफा प्यार कर रहा था। वह छात्रा का आते-जाते पीछा भी करता था। इसके बाद सोशल मीडिया के माध्यम से भी दोस्ती का प्रयास किया। मगर, छात्रा ने दोस्ती स्वीकार नहीं की। इस कारण ही उसे परेशान करने लगा। उसने फेसबुक से छात्रा का फोटो निकाल लिया। उसे अश्लील फोटो से जोड़कर बना दिया।
छात्रा एमबीए कर चुकी है। अब आरोपी ने युवती के फोटो उसके पिता को व्हाट्सएप पर भेज दिए। इसका पता चलने पर पिता ने उसे समझाया, लेकिन वह नहीं माना। पांच लाख रुपये की मांग करने लगा। नहीं देने पर बदनाम करने की धमकी दी। इससे पिता दहशत में आ गए। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद आरोपी को पकड़ लिया गया।
एक बच्चे का पिता है आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी तनुज के पिता का परचून के सामान का व्यापार है। वह दुकान पर पिता के साथ बैठता है। उसकी शादी हो चुकी है। एक बच्चा भी है। इसके बावजूद वह युवती को परेशान कर रहा था। पुलिस के पकड़ने से पहले उसने अपना मोबाइल तोड़ दिया था।
इस मोबाइल में ही मॉर्फ फोटो उसके पास हैं। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में ले लिया है। वहीं पुलिस के पास सुबूत के तौर पर युवती के पिता को भेजे गए व्हाट्सएप फोटो भी हैं। पुलिस केस में जल्द चार्जशीट लगाएगी।