फिरोजाबाद में फर्जी नियुक्ति पत्र के सहारे नौकरी करने वाला लैब टेक्नीशियन पकड़ा गया है। सीएचसी अधीक्षक जसराना डॉ. विजय कुमार ने उसके खिलाफ केस दर्ज कराया है। सीएमओ डॉ. दिनेश प्रेमी ने बताया कि तीन अक्तूबर 2022 को सुनील कुमार पुत्र रामनरेश निवासी ग्राम ढपरपुर, फर्रुखाबाद ने फर्जी पत्र के सहारे नौकरी पाई थी। सुनील कुमार को शासन से दिए गए नियुक्ति पत्र के आधार पर सीएचसी जसराना पर एलटी के पद पर तैनाती कर दी थी।
सीएमओ ने नियुक्ति पत्र और पुलिस सत्यापन के लिए महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य लखनऊ को अभिलेख भेजे। सुनील खुद अपना पुलिस वेरिफिकेशन लेकर पांच दिसंबर को कार्यालय पहुंचा। सीएमओ ने अभिलेखों की गहनता से जांच की। थानाध्यक्ष मऊदरवाजा फर्रुखाबाद ने सीएमओ को बताया कि पुलिस सत्यापन पर निरीक्षक रमेश यादव के फर्जी हस्ताक्षर अंकित हैं। साथ ही नियुक्ति पत्र फर्जी पाया गया।
सीएमओ डॉ. दिनेश प्रेमी ने बताया कि सुनील कुमार ने फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर नौकरी पाई थी। सत्यापन के लिए अभिलेख शासन को भेजे तो नियुक्ति पत्र और पुलिस सत्यापन फर्जी पाया गया। फर्जी नौकरी लेने के मामले में सीएचसी जसराना अधीक्षक ने केस दर्ज करा दिया है।