शहर के ताल दरवाजा वाल्मीकि बस्ती निवासी एक युवक की शुक्रवार शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों की ओर से हत्या का शक जताते हुए मोहल्ले के ही युवकों पर शराब पिलाने और धमकी देने का आरोप लगाया है। मौत का सही कारण जानने के लिए पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के ताल दरवाजा वाल्मीकि बस्ती निवासी 27 वर्षीय छोटे लाल ने शुक्रवार को मोहल्ले के राजेश और सुमित से अपने जानवर का सौदा 2500 रुपये में किया था। जानवर को बेचे जाने के रुपये से तीनों लोगों ने पहले तो जमकर शराब पी। इसके बाद सभी अपने घर चले गए। शाम के समय जब राजेश और सुमित जानवर लेने छोटे के घर पहुंचे, तो उसके भाई ने मना कर दिया। इसी बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने छोटे के साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी दी।
घटना के बाद परिवार के सभी लोग एक शादी समारोह में चले गए। शाम करीब साढ़े पांच बजे जब परिजन घर आए। तब छोटे का शव घर में पड़ा मिला। उसकी मां कमला देवी ने थाने में तहरीर देकर नामजद युवकों पर घर से जबरिया ले जाकर शराब पिलाने और धमकी दिए जाने का आरोप लगाया। हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए नामजद युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है। उधर पुलिस ने मौत की सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया है।