मैनपुरी में आवारा जानवर काल बनकर घूम रहे हैं, लेकिन अब तक इन्हें रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इसके चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार को मंडी में पल्लेदार को सांड ने पटक-पटक कर मार डाला।
जनपद कन्नौज के थाना छिबरामऊ क्षेत्र के गांव राजेपुर निवासी रामवीर नगर के मोहल्ला राजीव गांधी नगर में किराए के मकान में परिवार सहित रहता था। मंडी में पल्लेदारी करके वो अपने परिवार का भरणपोषण करता है। पिछले कुछ दिनों से वो बीमार था।
शुक्रवार की दोपहर रामवीर नवीन गल्ला मंडी परिसर में खाली पड़े स्थान पर शौच के लिए गया। यहां आपस में लड़ रहे दो सांडों ने उस पर हमला कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस उसे लेकर जिला अस्पताल आई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।