फिरोजाबाद में भतीजे से मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने बमुश्किल आग बुझाई। आग बुझाने के प्रयास में पत्नी और पुत्र समेत पांच लोग झुलस गए। गंभीर हालत में व्यक्ति को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव बदनपुर कर्खा निवासी रामब्रेश उर्फ मुलायम सिंह (55) पुत्र रामसनेही अपने परिवार के साथ रहता था। गुरुवार रात रामब्रेश का भतीजे से विवाद हो गया था। इससे क्षुब्ध होकर शनिवार को उसने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली।
चीख-पुकार सुनकर पहुंची पत्नी राजकुमारी, पुत्र अरुण के साथ मोहल्ले के नेपाल सिंह, दुर्वीन और लाल सिंह ने आग बुझाने की कोशिश। बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पत्नी-पुत्र समेत पांच लोग झुलस गए।