आगरा के थाना सदर क्षेत्र में सब्जी खरीदने गए युवक को पत्नी अपने मायके ले गई। घर ले जाकर अपने भाई व उसके दोस्तों से उसकी पिटाई करा दी। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
ये है मामला
नगला परसोती देवरी रोड निवासी संदीप ने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार को पास की सब्जी मंडी में सब्जी लेने गया था। वहां उसे लंबे समय से मायके में रह रही उसकी पत्नी मिल गई। पत्नी से उसकी बातचीत होने लगी। इस दौरान पत्नी के व्यवहार में उसे विनम्रता नजर आई। वो पत्नी की बातों में आ गया।
पत्नी के भाइयों ने बुरी तरह से पीटा
पीड़ित पति ने बताया कि पत्नी वहीं से उसे अपने साथ सदर बाजार स्थित घर ले गई। संदीप का आरोप कि ससुराल पहुंचते ही पत्नी के भाई मोनू ने अभद्रता शुरू कर दी। उसने विरोध किया। इस दौरान मोनू ने अपने दोस्तों को बुला लिया। उसे भागने तक का वहां से मौका नहीं मिला। पत्नी के भाई मोनू और उसके दोस्तों ने बुरी तरह से पिटाई लगाई। इसके बाद उसे धमकी दी। पीड़िता वहां से सीधे थाने पहुंचा।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
पीड़ित ने थाने में आपबीती सुनाई, जिसके बाद ससुराल में हुई बेइज्जती से आहत होकर वो फूट-फूटकर रोने लगा। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।