उत्तर प्रदेश के आगरा में बेजुबान से क्रूरता का मामला सामने आया है। कुत्ते के सिर पर एक युवक ने पटाखा चलाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आगरा में सोते हुए कुत्ते के सिर पर पटाखा रखकर चलाने के आरोपी किशोर पुरा निवासी सबन को पुलिस ने घर से गिरफ्तार कर लिया। चालान करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया है।
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर एक सोते हुए कुत्ते के सिर पर पटाखा चलाने का वीडियो वायरल हुआ था। यह वीडियो थाना जगदीशपुरा क्षेत्र का था। वीडियो वायरल होने पर पशु प्रेमी अधिवक्ता ऋषिराज चौहान ने पुलिस से शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियाे में कुत्ते के साथ क्रूरता देखी जा सकती है।
आरोपी एक मंदिर के सामने सोते हुए कुत्ते के सिर पर पटाखा रखकर चलाता है। इसके बाद कुत्ते के दर्द से चिल्लाने पर मनोरंजन करता देखा जा रहा है। पहले आरोपी की पहचान नहीं हो सकी। लेकिन मनोरंजन के लिए ऐसा कृत्य बेजुबान के साथ निंदनीय है। ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन
इस पर थाना जगदीशपुरा ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में आरोपी की पहचान किशोरपुरा निवासी सबन के रूप में हुई। जगदीशपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से उसे जेल भेजा गया है।