मैनपुरी। शहर में साप्ताहिक बंदी का पालन नहीं हो रहा है। साप्ताहिक बंदी वाले दिन बृहस्पतिवार को बाजार में दुकानदार मनमानी करके अधिकांश दुकानें खोल रहे हैं। बाजार बंदी वाले दिन दुकानें खुलने से बाजार में आमदिनों की तरह जाम लगता है। दुकानदारों की मनमानी पर अधिकारी लगाम नहीं लगा पा रहे हैं, जिससे दुकानदार पूरी तरह निरंकुश होते जा रहे हैं।
डीएम अविनाश कृष्ण सिंह ने शहर में साप्ताहिक बंदी का दिन बृहस्पतिवार घोषित किया है। बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बंदी का पालन कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। हकीकत यह है कि शहर में अब साप्ताहिक बंदी वाले दिन भी दुकानें आमदिनों की तरह ही खुली रहती हैं। दुकानदारों ने साप्ताहिक बंदी के दिन का मखौल बना दिया है। दुकानदार साप्ताहिक बंदी वाले दिन रोज की तरह ही दुकानें खोल रहे हैं। बृहस्पतिवार को मेडिकल स्टोर तो बंद रहे। लेकिन रोज की तरह बाजार में दुकानें खुली रहीं। शहर के प्रमुख बाजार लैनगंज, बजाजा बाजार, सदर बाजार, रायजादा रोड, यादव मार्केट, कुम्हार मंडी, लोहामंडी, बिसातखाना, आगरा रोड, करहल रोड, स्टेशन रोड पर दुकानदारों ने रोज की तरह पूरी दुकानें खोलीं।
शहर में बृहस्पतिवार साप्ताहिक बंदी का दिन है। दुकानदारों द्वारा साप्ताहिक बंदी वाले दिन भी दुकानें खोले जाने की शिकायत मिली है। शहर में साप्ताहिक बंदी का पालन कराया जाएगा। जो दुकान खुली मिलेगी उस दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- नवोदिता शर्मा, एसडीएम सदर