मैनपुरी के घिरोर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय नाहिली द्वितीय की प्रधानाध्यापिका सरिता का चयन राज्य अध्यापक पुरस्कार 2021 के लिए किया गया है। शासन ने शनिवार को राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए शिक्षकों की सूची जारी कर दी। चयन सूची में सरिता को मैनपुरी जनपद से चुना गया है। सोमवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह उन्हें कलक्ट्रेट सभागार में सम्मानित करेंगे।
राज्य अध्यापक पुरस्कार के तहत सरिता को 25000 नगद , सरस्वती मूर्ति मोमेंटो, शॉल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही एक वेतन वृद्धि और दो साल सेवा विस्तार दिया जाएगा। शिक्षिका की उपलब्धि पर बीएसए दीपिका गुप्ता, खंड शिक्षाधिकारी सुमित कुमार, जिला समन्वयक धीरेंद्र प्रताप सिंह, बीईओ नीरजा चतुर्वेदी, जेपी पाल, कौशल किशोर, सुनील द्विवेदी, विजेंद्र स्वरूप निगम आदि ने बधाई दी है।
2009 में शिक्षक पद पर हुईं नियुक्त
सरिता देवी शहर के वार्ड रामलीला मैदान के मोहल्ला शिवनगर की निवासी हैं। सरिता वर्ष 2009 में विशिष्ट बीटीसी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत सहायक अध्यापक बनीं। शिक्षिका वर्ष 2013 में प्रधानाध्यापिका पद पर पदोन्नति पाई। वर्तमान में वह घिरोर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय नाहिली द्वितीय में प्रधानाध्यापिका की जिम्मेदारी निभा रही हैं।