मैनपुरी। नेवर पेड (जिन्होंने कभी बिल जमा नहीं किया) विद्युत उपभोक्ताओं से बिल वसूली में विद्युत निगम मैनपुरी के खंड प्रथम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। बृहस्पतिवार को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के तहत आने वाले 21 जिलों के 76 खंडों की सूची जारी की गई। निगम ने नेवर पेड बिल वसूली में तेजी लाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
जिले में बड़े पैमाने पर ऐसे विद्युत उपभोक्ता हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद एक बार भी बिजली का बिल जमा नहीं किया। निगम भी इसके लिए अभियान चला रहा है। इसी वसूली के आधार पर डीवीवीएनएल की ओर से रैंकिंग जारी की गई है। दक्षिणांचल के तहत आने वाले 21 जिलों के 76 खंडों में मैनपुरी विद्युत निगम के खंड प्रथम को दूसरा स्थान मिला है।
प्रथम खंड में 1909 नेवर पेड उपभोक्ताओं में से 1681 से बिल जमा करा लिया गया। ये प्रगति 88.06 प्रतिशत है। वहीं फिरोजाबाद खंड प्रथम ने 88.18 प्रतिशत की वसूली के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया है।बृहस्पतिवार को रैंकिंग में और सुधार के लिए उप खंड अधिकारियों और अवर अभियंताओं को नेवर पेड बिल जमा कराने के निर्देश दिए हैं। रैंकिंग में द्वितीय स्थान मिलने पर अधिशसी अभियंता (प्रथम) मागेंद्र कुमार अग्रवाल को अधीक्षण अभियंता अतुल अग्रवाल, अधिशासी अभियंता (द्वितीय) आशीष गुप्ता और अधिशासी अभियंता (तृतीय) जीसीएल भटनागर ने बधाई दी है।
----
30वें स्थान पर है द्वितीय खंड
विद्युत निगम मैनपुरी के खंड द्वितीय को रैंकिंग में 30वां स्थान प्राप्त हुआ। यहां कुल 40508 बकाएदारों के सापेक्ष 9668 उपभोक्ताओं ने ही अपना बिल जमा किया है। बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं का प्रतिशत 23.8 प्रतिशत है।