दन्नाहार (मैनपुरी)। प्रत्याशी के समर्थम में कई वाहनों का काफिला लिए वोट मांग रहे पांच नामजद सहित 25 लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। मौके से पुलिस ने दो वाहनों से चुनाव प्रचार सामग्री बरामद की। वाहनों को थाने में खड़ा कराया गया है।
थाना पुलिस सोमवार की शाम गश्त पर थी, तभी प्रभारी निरीक्षक ओमहरि बाजपेई को सूचना मिली कि ग्राम सभा जवापुर के प्रधान प्रत्याशी मालती देवी तीन वाहनों से अपने समर्थकों के साथ प्रचार के लिए नगला छेड़ी से कनिकपुर जा रही हैं। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ने एक टीम को मौके पर भेज कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। पुलिस ने जब प्रत्याशी के काफिले को दरबाह के पास रोका तो दो गाडिय़ां मुड़कर भाग गईं। वहीं मौके से दो वाहन पकड़ लिए गए, इनमें प्रचार सामग्री आदि भरी हुई थी। पकड़े गए वाहनों को थाने में खड़ा कराया गया।
एसआई ने नगला छेड़ी निवासी शिशुपाल, दिलीप, ब्रजेश, शिवम और कनिकपुर निवासी आशीष सहित 25 लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन व महामारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया।