घिरोर थाना क्षेत्र के बमरौली गांव में खेत के विवाद में हुई मारपीट में घायल लोग।
- फोटो : संवाद
मैनपुरी। थाना घिरोर क्षेत्र के गांव बमरौली में चार बीघा खेत पर कब्जे को लेकर शुक्रवार सुबह दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें मारपीट की घटना कैद है। पुलिस इसे आधार बनाते हुए जांच में जुटी है।
घिरोर थाना क्षेत्र के गांव बमरौली में मुंशीलाल शाक्य और लक्ष्मण सिंह के बीच में चार बीघा खेत पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार सुबह मुंशीलाल परिजन के साथ परेवट करने खेत पर गए थे। तभी लक्ष्मण सिंह भी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों में कब्जे को लेकर विवाद होने लगा। गाली गलौज के बाद जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें मुंशीलाल और उनके पक्ष के अजय, रौनक, कंचन घायल हो गए। इधर, लक्ष्मण सिंह पक्ष से लक्ष्मण, राहुल, लखन सिंह घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर घिरोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा। मुंशीलाल, रौनक और लखन सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कालेज सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। घिरोर थाना इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।