एमएलसी मुकुल यादव को ज्ञापन देते प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी।
- फोटो : संगठन
मैनपुरी। शासन के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से चल रही स्कूलों के पेयरिंग की प्रक्रिया का विरोध तेज होने लगा है। प्राथमिक शिक्षक संघ के विभिन्न घटकों के साथ ही अभिभावक संघ ने भी विभाग की पेयरिंग प्रक्रिया के विरोध में आंदोलन शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के साथ अभिभावक संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एमएलसी मुकुल यादव को सौंपा।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर बृहस्पतिवार को प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिले भर में अभिभावक संघ के अध्यक्षों के साथ विकास खंड स्तरों पर बैठकें की। शिक्षक नेता मुकेश यादव के नेतृत्व में घिरोर, राजेश यादव के नेतृत्व में जागीर, सतेंद्र सिंह के नेतृत्व में बरनाहल, श्री चंद्र यादव के नेतृत्व में करहल, प्रेमप्रकाश शाक्य के नेतृत्व में सुल्तानगंज, विकास यादव के नेतृत्व में वेबर, अतुल यादव के नेतृत्व में किशनी, ब्रजेश शाक्य के नेतृत्व में कुरावली बीआरसी पर जागरूकता बैठकों का आयोजन कर विरोध किया गया।
ब्लॉक शैक्षिक संसाधन केंद्र मैनपुरी पर जिला अध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष, ग्राम प्रधान, प्रधानाध्यापकों और अभिभावकों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की। बैठक 50 से कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों को अन्य विद्यालयों के साथ पेयरिंग किए जाने की नीति का एक स्वर में विरोध किया गया। जिलाध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि पेयरिंग नीति के बहाने सरकार ग्रामीण बच्चों के विद्यालयों को बंद करके शिक्षा से दूर करना चाहती है। शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत 6 से 14 वर्ष के प्रत्येक बच्चे को प्राथमिक शिक्षा प्राप्त करने का संवैधानिक अधिकार है स्कूल बंद हो जाने से बहुत संख्या में बच्चे प्राथमिक शिक्षा से वंचित रह जाएंगे। शिक्षक नेता करहल पहुंचे और यहां एमलएसी मुकुल यादव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
-
विधानसभा में उठाएंगे मामला
एमएलसी मुकुल यादव ने कहा कि विद्यालयों को पेयरिंग के बहाने बंद करने की तैयारी है। ये शिक्षा के लिए बहुत ही शर्मनाक है। इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी कीमत पर विद्यालय बंद नहीं होने दिए जाएंगे। शिक्षकों और अभिभावकों के साथ पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी भी इसका विरोध करेगा।