मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र के गांव कठेंगरा के पास शनिवार की रात देसी शराब ठेका बंद कर घर जा रहे सेल्समैन पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाश सेल्समैन को पीटकर कैश का थैला लूट ले गए। थैले में करीब 20 हजार रुपये रखे थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
कस्बा औछा के गांव कठेंगरा के रहने वाले मुकेश शाक्य गांव से करीब 400 मीटर दूर देसी शराब के ठेका पर सेल्समैन का काम करते हैं। शनिवार की रात को वह ठेका बंद करने के बाद घर जाने के लिए निकलने वाले थे।
तभी एक बाइक पर आए चार नकाबपोश बदमाश उसके पास आए। सेल्समैन कुछ समझ पाता, तब तक बदमाशों ने हाथ से थैला छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने मुकेश को पीटना शुरू कर दिया।
पकड़ ढीला पड़ते ही बदमाश थैला लूटकर भाग निकले। सूचना पर थानाध्यक्ष ने सेल्समैन से जानकारी ली। सेल्समैन ने बताया कि थैला में शनिवार को ठेका में हुई बिक्री का करीब 18-20 हजार रुपया रखा हुआ था।
पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कॉबिंग भी की, मगर कोई भी हाथ नहीं आ सका। थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।