मैनपुरी। एलाऊ थाना क्षेत्र के कछपुरा गांव में एक आम रास्ते को खुलवाने गई राजस्व और पुलिस टीम को अराजकों की अभद्रता और जान से मारने की धमकियों का सामना करना पड़ा। इस घटना के बाद पुलिस ने 12 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कछपुरा गांव निवासी ब्योंती कला ग्राम पंचायत की प्रधान प्रियंका ने पुलिस को तहरीर देकर शिकायत की थी कि गांव के कुछ दबंगों ने आम रास्ते पर अवैध कब्जा कर रखा है। इस शिकायत पर भोगांव के एसडीएम के निर्देश पर राजस्व और पुलिस की एक टीम 29 जुलाई को गांव में रास्ता खुलवाने पहुंची। लेकिन जैसे ही टीम मौके पर पहुंची गांव के बालकराम, जगदीश, रामनरेश, रामदेवी, संजय, ललिता, शीशराम, साधना, सुनील, पूजा, अंकित, सुवानी वहां आ गए। राजस्व टीम से खुलेआम अभद्रता करने लगे। पुलिस बल कम होने के कारण राजस्व टीम को बिना रास्ता खुलवाए ही मौके से वापस लौटना पड़ा। मामला यहीं नहीं रुका। उसी शाम आरोपियों ने लेखपाल चंद्रपाल को फोन पर धमकी दी। धमकाते हुए कहा कि अगर वे दोबारा रास्ता खुलवाने गांव आए, तो गांव में मर्डर हो जाएंगे। शिकायतकर्ता प्रधान प्रियंका का आरोप है कि आरोपी उसे और उसके पति रत्नेश कुमार को भी जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। इस गंभीर घटना की तहरीर मिलने के बाद, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।