बेवर। परिवहन निगम ने महिला परिचालकों को सुविधा देते हुए रात के समय उनकी ड्यूटी न लगाने के आदेश जारी किए हैं। निगम के बेवर डिपो ने पत्र मिलने के बाद रात के समय लगने वाली परिचालकों की ड्यूटी को खत्म कर दिया है। महिला परिचालकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए खुशी जताई है।परिवहन निगम मुख्यालय के अधिकारियों के निर्देशों के बाद महिला परिचालकों की ड्यूटी केवल दिन के समय ही लगाई जा सकेगी। इससे बेवर डिपो की करीब 24 महिला परिचालकों को राहत मिली है।
बेवर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सुभाष चंद्र ने बताया कि मुख्यालय की ओर से मिले पत्र में महिला परिचालकों की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखते हुए यह फैसला लिया गया है। रात के समय बस संचालन के दौरान महिला परिचालकों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। नए फैसले के बाद महिला परिचालकों को सुविधा मिलेगी।
परिवहन निगम की ओर से महिला परिचालकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान रखकर रात में ड्यूटी न लगाने का फैसला सराहनीय है। इससे महिला परिचालकों को नौकरी करने में सुविधा रहेगी।
- स्नेहा, महिला परिचालक
रात के समय ड्यटी के दौरान कभी-कभी महिला परिचालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब रात में ड्यूटी न लगने से महिला परिचालकों को राहत मिलेगी।
- बीनू, महिला परिचालक