मैनपुरी के कुसमरा नगर के पोस्ट ऑफिस के पीछे बसी कालोनी के मकानों के ऊपर से गुजर रही जर्जर हाईटेंशन लाइन से मोहल्ले के लोगों पर खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन से इस लाइन को हटाने की मांग की है।
नगर के विद्युत सब स्टेशन से कूंड़ी गांव को जाने वाली ट्यूबवेल की हाईटेंशन लाइन वर्तमान में मकानों के ऊपर से गुजर रही है। लंबे समय से लाइन को दुरुस्त करने का कार्य न होने से यह जर्जर हो चुकी है। लाइन के नीचे लगे सेफ्टी गार्ड भी टूट गए हैं। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कई बार विभाग से हाईटेंशन लाइन हटाने की मांग लिखित में की गई। मगर, सुनवाई नहीं हो सकी। दो वर्ष पूर्व हाइटेंशन लाइन टूट जाने से काॅलोनी में रह रहा एक युवक गंभीर रूप से घायल भी हो गया था।
उसके बाद मोहल्ले के लोगों ने हाइटेंशन लाइन जोड़ने का विरोध भी किया था। मगर, विभाग के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोहल्ले के लोगों को समझा बुझाकर लाइन को जल्द हटाने का आश्वासन देकर ही खाना पूर्ति कर दी थी। किसी भी समय हादसा हो सकता है। मोहल्ले के लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों से हाईटेंशन लाइन दूसरी जगह शिफ्ट कराने की मांग की है।
मनोज सक्सेना ने बताया कि मकानों की छतों से गुजर रही जर्जर हाईटेंशन लाइन काफी नीचे होने से करंट दौड़ने का डर बना रहता है। विभाग केवल आश्वासन देकर उदासीन रवैया अपना रहा है। वहीं सुशीला देवी का कहना है कि बरसात के मौसम में मकानों में अक्सर करंट दौड़ने का डर बना रहता है। मकानों के ऊपर झूलती जर्जर हाईटेंशन लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट करना चाहिए।