मैनपुरी। सावन का पावन माह आज से शुरू हो रहा है। इस पूरे माह कांवड़ यात्रा चलेगी। शिव भक्तों का रैला सड़कों पर होगा। पुलिस-प्रशासन कांवड़ यात्रा को लेकर पूरी तरह अलर्ट हो गया है। लाखों शिव भक्तों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिले को 4 जोन और 7 सेक्टरों में बांटा गया है। साथ ही तीन प्रमुख कांवड़ मार्गों और उन पर पड़ने वाले मंदिरों को चिह्नित किया गया है। तीन जोनों के अंतर्गत सात सेक्टर भी बनाए गए हैं, जहां अतिरिक्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रहेगी।
सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, 4 जोन में बंटा जिला
प्रथम जोन: फर्रुखाबाद बॉर्डर (काली नदी पुल, थाना बेवर) से शुरू होकर थाना बेवर, बिना, भोगांव होते हुए थाना कोतवाली क्षेत्र की सीमा तक।
द्वितीय जोन: फर्रुखाबाद बॉर्डर (काली नदी पुल, थाना बेवर) से प्रवेश कर थाना किशनी होते हुए इटावा बॉर्डर तक।
तृतीय जोन: थाना कोतवाली सीमा से प्रारंभ होकर संपूर्ण मैनपुरी शहर को कवर करेगा, जिसमें भीमसेन मंदिर, चांदेश्वर मंदिर और शीतला माता मंदिर का मार्ग शामिल है।
चतुर्थ जोन: थाना कुरावली से शुरू होकर औंछा होते हुए घिरोर और अरांय बॉर्डर तक।
कांवड़ियों के लिए तीन प्रमुख मार्ग और जलाभिषेक स्थल
जिले के शिव भक्त मुख्य रूप से फर्रुखाबाद के घटिया घाट, कासगंज के कछला, सोरों और सिंघीरामपुर आदि घाटों से गंगाजल लेकर आते हैं। कांवड़ यात्रा तीन मार्गों से मैनपुरी जिले में प्रवेश करती हैं। इन मार्गों पर कुल 24 शिवालय पड़ते हैं, जिनमें कांवड़ियों द्वारा कांवड़ चढ़ाई जाती है।
1. प्रथम मार्ग
फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद बॉर्डर से मैनपुरी में प्रवेश करता है। बेवर (18 किमी), किशनी (20 किमी), भोगांव (16 किमी) और कोतवाली (10 किमी) थाना क्षेत्रों से गुजरता है।
इस मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख मंदिर
भीमसेन मंदिर (कोतवाली)
चांदेश्वर मंदिर (कोतवाली)
माता शीतला देवी मंदिर (कोतवाली)
सोमेश्वरनाथ मंदिर (भोगांव)
बिहारी जी मंदिर (भोगांव)
शिव मंदिर, सहारा (बिछवां)
2. द्वितीय मार्ग:
यह मार्ग जिला एटा के थाना अलीगंज से मैनपुरी के बिछवां थानाक्षेत्र (भनऊ पुल) से प्रवेश करता है। इसमें बिछवां, भोगांव और कोतवाली थानाक्षेत्र शामिल हैं। कांवड़िये फर्दपुर चौराहा, जमथरी, नगला पाल अहिरवा, संसारपुर, गोला बाजार, जेल चौराहा होते हुए प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। फर्दपुर चौराहा पर जीटी रोड क्रॉसिंग के लिए विशेष पुलिस प्रबंधन और सतर्कता बरती जाएगी।
इस मार्ग पर प्रमुख मंदिर
शिव मंदिर (कस्बा व थाना बिछवां)
बाबा लालपुरी मंदिर (लहरा, बिछवां)
भीमसेन मंदिर, चांदेश्वर मंदिर, श्री शीतला देवी मंदिर (मैनपुरी)
3. तृतीय मार्ग
कांवड़ियों का तीसरा मार्ग जिला एटा के थाना जैथरा से मैनपुरी में प्रवेश करता है। इस मार्ग से कुरावली, घिरोर चौराहा (कस्बा कुरावली), पड़रिया चौराहा, कस्बा औंछा और घिरोर होते हुए कांवड़िये आगे बढ़ेंगे।
इस मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख मंदिर
बाबा महाराज जी मंदिर (जीटी रोड, कस्बा कुरावली)
वनखंडी मंदिर (कस्बा कुरावली)
सोनई मंदिर (घिरोर रोड, कुरावली)
झारखंडेश्वर मंदिर (कस्बा कुरावली)
च्यवन ऋषि मंदिर (कस्बा औंछा)
मारकण्डेय मंदिर (विधूना, कोसमा, थाना घिरोर)
शिव मंदिर (शिकोहाबाद रोड, घिरोर)
शिव मंदिर (मोहल्ला फर्रास, कस्बा घिरोर)
शिव मंदिर (मो. बाग वृन्दावन, कस्बा करहल)
वन खंडेश्वर मंदिर (कस्बा करहल)
गंगेश्वर मंदिर (मोहल्ला संघाईयान, कस्बा करहल)
शिव मंदिर (मोहल्ला काजी, कस्बा करहल)
मोटामल मंदिर (करहल)
शिव मंदिर (बहसी, बरनाहल)
शिव मंदिर (दिहुली)
शिव मंदिर (गोलियापुर रोड, कस्बा बरनाहल)
पुलिस और प्रशासन ने मिलकर यह भी इंतजाम किए
सीसीटीवी और ड्रोन:
पूरे कांवड़ मार्ग पर स्थित प्रतिष्ठान, दुकान, मकान आदि पर लगे सीसीटीवी कैमरे के एग्सिस संबंधित थानों के पास रहेंगे। इनसे थाना पुलिस निगरानी करेगी। ड्रोन कैमरे से भी से निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी घटना पर तुरंत ध्यान दिया जा सके।
यातायात प्रबंधन
कांवड़ मार्ग पर यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य सेवाएं
यात्रा के दौरान यात्रियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा शिविर और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य विभाग की टीमें ढाबों और होटलों पर निरीक्षण करेंगी और रेट लिस्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
महिला यात्रियों की सुरक्षा
महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और किसी भी अभद्र व्यवहार की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। महिला पुलिसकर्मी कांवड़ यात्रा मार्ग पर तैनात रहेंगी।
अतिरिक्त पुलिस बल
यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी और आरएएफ के जवान तैनात किए गए हैं।
स्वयंसेवकों की भूमिका
जिले के सभी ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में स्वयंसेवकों को नियुक्त किया गया है, जो कांवड़ियों की सहायता करेंगे और असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे।
पुलिस मोबाइल बाइक
कांवड़ मार्ग पर मोबाइल बाइक भी तैनात की गई हैं जिन पर दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।