संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। नौकरी दिलाने का झांसा देकर सात लोगों से 8.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदपुरम कॉलोनी निवासी प्रीति देवी ने केस दर्ज कराया है। आरोप है कि उनके मायके के रिश्तेदार माई ससुर का लड़का शिवनाथ प्रताप, राजीव कुमार, यश प्रताप, राम बाबू, और शिव प्रताप का साथी बाल हिंद निवासी नई बस्ती देवपुरा ने उनसे और उनकी ननद से धोखाधड़ी की है। उन्हें और पति सर्वेश को गुमराह करते हुए डाकखाने में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इस एवज में 10 फरवरी 2019 को 2.50 लाख रुपये लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद जब नौकरी नहीं लगी, तो जानकारी जुटाई। पता चला कि ये आरोपी पहले भी सात अन्य लोगों से लगभग 8.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर चुके हैं। जब उनसे पैसे वापस मांगे, तो जान से मारने की धमकी देने लगे। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।