मैनपुरी। गुरु पूर्णिमा का पर्व जिले भर में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया। जिले भर के मंदिरों में भक्तों ने पूजा पाठ कर अपने गुरुओं की आराधना की। आश्रम और मठों में पहुंचे शिष्यों ने अपने गुरुओं से आशीर्वाद भी प्राप्त किया। जगह-जगह भंडारे का आयोजन कर संतों का सम्मान करते हुए उन्हें भोजन वितरित किया।
शहर के श्री एकरसानन्द आश्रम में आश्रम के गर्भ गृह में स्वामी एकरसानन्द सरस्वती, स्वामी भजनानंद सरस्वती महाराज के श्री विग्रह रूप की वैदिक मंत्रों के बीच आचार्यो ने आराधना की। स्वामी शारदानंद सरस्वती महाराज की समाधी स्थल पर महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती महाराज व दूरदराज जनपदों, दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं ने माथा टेका। श्रद्धालुओं ने महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती महाराज का भी पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर डाॅ. संजीव मिश्रा, सूर्यकांत त्रिपाठी, राम खिलाड़ी यादव, पुरुषोत्तम गुप्ता, रज्जन गुप्ता, अतुल कृष्ण द्विवेदी, श्याम जी दीक्षित, नीरज बाबू, रामबदन पांडेय आदि मौजूद रहे। शहर के ऋषि आश्रम में नारदानंद महाराज के शिष्यों ने ब्रह्मलीन स्वामी नारदानंद का पूजन किया। आश्रम कमेटी के पदाधिकारियों ने आश्रम में मौजूद संतों का पूजन कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान आश्रम समिति के अध्यक्ष रामबाबू कुशवाह, आचार्य हरिशरण मिश्रा, विपिन मिश्रा, आश्रम समिति के महामंत्री प्रदीप चौहान, बिजेंद्र सिंह, मुकेश मिश्रा, नरेंद्र चौहान, भरत मिश्रा, शत्रुघ्न मिश्रा आदि मौजूद रहे। शहर के भीमसेन महाराज मंदिन पर वीर सिंह भदौरिया सहित अन्य भक्तों ने अपने गुरुओं की आरती उतारी और आशीर्वाद प्राप्त किया। नगर के कबीर आश्रम में महंत अमर साहेब के भक्तों ने उनकी आरती उतारी। यहां भंडारे का आयोजन भी हुआ। पंजाबी काॅलोनी स्थित सूर्य मंदिर में आचार्य तिलकेंद्र शेखर त्रिपाठी और आचार्य विमलेश त्रिपाठी का वैदिक परंपरा से शिष्यों ने पूजन किया।
गांव बटरोली स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पर विदुर महाराज का उनके शिष्यों ने पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यहां भंडारे का आयोजन हुआ। सूर्यवीर सिंह चौहान ,चंद्रवीर सिंह चौहान ,वीरेंद्र सिंह चौहान,बृजभूषण सिंह राठौर आदि का सराहनीय योगदान रहा। शहर के हरादौल आश्रम में पहुंचे भक्तों ने संतों और गुरुओं की आराधना की। घिरोर क्षेत्र के शिकोहाबाद रोड पर अलाल पुर स्थित महानंद अवधूत आश्रम पर गुरु पूर्णिमा पर भंडारे का आयोजन किया गया। यहां पहुंचे भक्तोंने आश्रम के संस्थापक स्वामी सुखदेव महाराज से आशीर्वाद लिया। आश्रम पर 31 दिवसीय रुद्राभिषेक एवं रुद्र महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
-
शिष्यों ने किया गुरुदेव का पूजन
बेवर। क्षेत्र के किन्नर कडडी आश्रम गग्गरपुर में व्यास पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रृद्धालुओं ने गुरुओं का पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया। विदुर आश्रम रसूलाबाद में गुरु पर्व श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया गया। आश्रमों में हवन पूजन व सुंदरकांड का पाठ किया गया। फर्रुखाबाद रोड पर गीता आश्रम में भी भक्ति पूर्ण माहौल देखने को मिला। नवीगंज,जासमई ,लालापुर, कपिल मुनि, मधुकर पुर,वनकिया आदि स्थानों पर भी धर्म कर्म के कार्यक्रम चलते रहे।
-
गुुरुओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद
किशनी। नगर के सोहम आश्रम, साईं धाम व भुवनेश्वरी माता मंदिर पर भक्तों ने गुरुओं का पूजन कर आशीर्वाद लिया। आश्रमों पर पहुंचे साधुओं का भी सम्मान किया गया। भुवनेश्वरी माता रानी मंदिर की गुरु गुड्डी बहन जी का उनके शिष्यों ने आशीर्वाद प्राप्त किया। सोहम आश्रम पर आश्रम के महंत महामंडलेश्वर स्वामी सर्वेसानंद महाराज ने अपने गुरु सदानंद महाराज की मूर्ति का पूजन कर आशीर्वाद लिया। आश्रम पर कई जिलों व राज्यों से आए भक्तो ने ब्रह्मलीन गुरु सदानंद महाराज व स्वामी सर्वेसानंद महाराज का पूजन कर दान देकर आशीर्वाद लिया।
संतों की आरती उतार वितरित किए वस्त्र
क़ुरावली। नगर के राधा कृष्ण मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। यहां 500 से अधिक संतों को वस्त्र आदि वितरित किए गए। कस्बा के अन्य आश्रमों में भी भक्तों ने संतों की आरती उतारकर आशीर्वाद लिया। राधा कृष्ण मंदिर पर आयोजित कार्यक्रम में धनदेवी, डॉ. पवन कुमार, रिंकल सैनी, कार्तिक राठौर, सुमित राठौर, हिमांशु गुप्ता, श्यामा देवी आदि का सराहनीय सहयोग रहा।