दन्नाहार। गांव मरौली के रहने वाले किसान शिव शंकर ने इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की सुबह मेडिकल कॉलेज सैफई में दम तोड़ दिया। पुत्र ने आरोप लगाया था कि सूदखोर के तकादे से परेशान होकर पिता ने जान दे दी। हालांकि समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। देर शाम किसान का शव गांव पहुंचा।
थाना क्षेत्र के गांव मरौली के रहने वाले किसान शिव शंकर को मंगलवार रात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां पुत्र राहुल ने आरोप लगाया कि नगला छपा निवासी सूदखोर से 15 हजार रुपये कर्ज लिया था। कुछ रुपये पिता वापस कर चुके थे, शेष रुपये पर सूदखोर ने पिता पर काफी कर्ज निकाल दिया। सूदखोर से परेशान होकर पिता ने मंगलवार की रात को जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। किसान का उपचार मेडिकल कॉलेज सैफई में चल रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह किसान की मौत हो गई। इसके बाद सैफई थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभी घटना के संबंध में उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।