औंछा (मैनपुरी)। थाना पुलिस ने बुधवार को चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो को रोका तो चालक उतर कर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। जब गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें चुनाव प्रचार सामग्री और 16 पेटी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आचार संहिता उल्लंघन सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना पुलिस बुधवार की सुबह क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी मानपुर बंबा पर चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने जब गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो चालक उतर कर भागने लगा। संदेह पक्का होने पर पुलिसकर्मियों ने चालक को पकड़ने के साथ ही गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी मेें गाड़ियों पर लगाए जाने वाले झंडे, चाबी के छल्ले, टोपी, कैप आदि बरामद हुए। सभी पर अनाज औसता हुए किसान का चिह्न छपा हुआ था।
गाड़ी से पुलिस को देसी शराब की 15 पेटी, अंग्रेजी शराब की एक पेटी सहित कुल 16 पेटियां बरामद हुईं। पूछताछ में चालक ने अपना नाम विनीत निवासी कस्बा घिरोर बताया। बरामद माल को जब्त करने के साथ ही पुलिस ने आचार संहिता उल्लंघन सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।