जिले में सोमवार सुबह महाराष्ट्र से आए युवक की यमुना में डूबकर मौत हो गई। वह यहां हो रहे हॉकी टूर्नामेंट में भाग लेने आये खिलाड़ियों के दल में शामिल था। करीब एक घंटे बाद उसका शव यमुना से निकाला गया।
महाराष्ट्र के जलगांव से मथुरा में हॉकी टूर्नामेंट में भाग लेने आये एक युवक की सोमवार को यमुना में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने युवक का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि मथुरा में हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में कई राज्यों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। इन्हीं में महाराष्ट्र के जलगांव की टीम भी मथुरा आई हुई है। सोमवार सुबह हॉकी खिलाड़ियों का दल वृंदावन के मंदिरों के दर्शन के लिए आया था। इसके सदस्य जुगलघाट पर यमुना स्नान करने पहुंचे। कुछ युवक यमुना में स्नान कर रहे थे, जबकि कुछ युवा बाहर बैठे नहाने का इंतजार कर रहे थे।
नहाते समय 20 वर्षीय अर्णव यमुना के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अर्णव को डूबता देख किनारे बैठे उसके साथियों ने शोर मचाया। युवकों को शोर मचाता देख किनारे बैठे नाविकों ने यमुना में छलांग लगा दी और यमुना में डूबे अर्णव को बचाने के लिए खोजबीन शुरू की। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद अर्णव को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए संयुक्त जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और पीड़ित परिवार को इसकी सूचना भेज दी है।