विहिप नेता अरुण माहौर हत्याकांड के विरोध में भगवा ब्रिगेड ने शुक्रवार को ‘महाघेराव’ के तहत वाल्मीकि वाटिका में जोरदार प्रदर्शन किया। भीड़ को देखते हुए नालबंद से लेकर धाकरान चौराहे तक ट्रैफिक रोक दिया गया था। इससे एमजी रोड पर घंटों तक जाम लगा रहा। सैकड़ों कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट जाने से रोकने के लिए पीएसी सहित कई थानों की फोर्स लगा दी गई थी। ज्ञापन लेने के लिए पुलिस-प्रशासन के अधिकारी प्रदर्शनस्थल पर ही पहुंच गए। इससे पहले यहां हुई सभा में केंद्रीय राज्यमंत्री डा. रामशंकर कठेरिया और सांसद चौधरी बाबूलाल सहित तमाम नेताओं ने सपा सरकार के साथ-साथ बसपा पर निशाना साधा।
दलित गर्जना न्याय मोर्चा के बैनर तले भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व विश्व हिंदू परिषद ने सहयोगी संगठनों के साथ पूर्वाह्न 11 बजे सुभाष पार्क के सामने वाल्मीकि वाटिका में विशाल प्रदर्शन किया। लगभग दो बजे तक चले प्रदर्शन में शहर और जिले से भारी संख्या में लोग शामिल हुए। केंद्रीय राज्यमंत्री डा. रामशंकर कठेरिया प्रोटोकॉल तोड़कर खुली मेटाडोर में कार्यकर्ताओं के साथ वाल्मीकि वाटिका पहुंचे। उनके आते ही प्रदर्शनकारियों में जोश भर गया। ‘जयश्रीराम’ और ‘वंदेमातरम’ गूंजने लगा। ज्ञापन देने के लिए प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट की ओर कूच करते इससे पहले ही एडीएम सिटी राजेश कुमार श्रीवास्तव और एसपी सिटी सुशील घुले वहीं पहुंच गए। उन्होंने मृतक अरुण माहौर की पत्नी को मकान और विधवा पेंशन दिलाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के संयोजक अशोक कोटिया और सहसंयोजक विजय माहौर और कमल वाल्मीकि थे। बता दें, 25 फरवरी को विहिप नेता अरुण माहौर की मंटोला क्षेत्र में समुदाय विशेष के युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।