आगरा। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने बुधवार को प्रतापपुरा से नामनेर चौराहे तक नाले और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाकर अतिक्रमण ध्वस्त कराए। कुछ दुकानदारों ने विरोध और हंगामा भी किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान को जारी रखा।
प्रतापपुरा से नामनेर चौराहे तक स्थित मुख्य नाले पर कई स्थानों पर पक्के निर्माण कर लिए गए थे। इससे नाले की नियमित सफाई और सिल्ट उठान कार्य प्रभावित हो रहा था। अभियान के दौरान जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से नाले के ऊपर बनाए गए पक्के स्लैब, चबूतरे और अवैध निर्माण तोड़े गए। साथ ही दुकानों के सामने निकाले गए टिनशेड, लोहे के ढांचे, बोर्ड हटाकर जब्त किए। नगर आयुक्त संतोष कुमार ने बताया कि नालों पर किए गए अतिक्रमण जलनिकासी व्यवस्था के लिए बड़ी बाधा हैं। किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक भूमि, नाले अथवा फुटपाथ पर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।