प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हो रहे महाकुंभ में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। आगरा परिक्षेत्र से 430 से अधिक बसें चलाई जाएंगी। जनवरी के पहले सप्ताह से आगरा से प्रयागराज के लिए हर आधे घंटे में बसों का संचालन होगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि आगरा परिक्षेत्र से महाकुंभ से पहले ही यात्रियों के लिए प्रयागराज स्पेशल बस सेवा शुरू की जाएगी। आगरा फोर्ट डिपो और मथुरा के नए बस स्टैंड से रोजाना शाम 7 बजे प्रयागराज के लिए बस मिलेगी। उधर, बसों को केसरिया रंग में रंग दिया गया है।
महाकुंभ का लोगो भी लगेगा। बस में यात्रियों को भजन भी सुनाए जाएंगे। इसके लिए म्यूजिक सिस्टम लगाया गया है। चालक और परिचालक यूनिफॉर्म में रहेंगे। सुचारु संचालन के लिए एक सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक की निगरानी में 20 सदस्यीय टीम बनाई गई है।