कासगंज। सोरों क्षेत्र के करूआवारा में अवैध खनन किए जाने की सूचना पर पहुंचे खनन निरीक्षक व उनकी टीम पर खनन माफियाओं ने हमला कर दिया। टीम पर माफियाओं ने फायरिंग कर जब्त किए गए चार में से तीन ट्रैक्टरों को भी छुड़ा ले गए। खनन निरीक्षण ने पांच खनन माफियाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खनन निरीक्षक सुरेश लकड़ा को 25 दिसंबर की देर रात करुआवारा में गंगा किनारे अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली। जिस पर खनन निरीक्षक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चार ट्रैक्टरों को जब्त भी कर लिया। कार्रवाई होते देख खनन कर रहे राजू, भूपेंद्र निवासी भिदौनी, नेकसे, रामवरन, भूमिधर प्रकाश निवासी करुआवारा ने अवैध असलहों से फायरिंग करना शुरू कर दिया।
खनन टीम अपना बचाव करते हुए मौके से पीछे हट गई और खनन माफियाओं ने जब्त किए गए तीन ट्रैक्टरों को छुड़ा लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचते ही खनन माफिया मौके से भाग गए। जब्त किए गए एक ट्रैक्टर को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। खनन निरीक्षक ने 27 दिसंबर को पांच खनन माफियाओं के खिलाफ अवैध खनन किए जाने एवं फायरिंग किए जाने की तहरीर पुलिस को दी।
पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बौत्रे ने बताया कि संज्ञान में आया है कि अवैध खनन की सूचना पर गए खनन निरीक्षक एवं उनकी टीम पर फायरिंग की गई है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी सोरों को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।