आगरा कैंट-राजा मंडी रेल खंड स्थित मदिया कटरा रेल ओवरब्रिज (1347) की ऊंचाई करीब एक फुट बढ़ाई जानी है। इस काम के लिए ओवरब्रिज पर पांच अप्रैल से 10 मई तक यातायात बंद रहेगा। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने यहां गर्डर आदि सामान पहुंचा दिया है। पुल तोड़ने का काम पांच अप्रैल की दोपहर से शुरू हो जाएगा।
आगरा रेल मंडल के वाणिज्य प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि मदिया कटरा आरओबी को नए सिरे से बनाया जाएगा। आगरा-दिल्ली रेलमार्ग पर राजा मंडी स्टेशन के नजदीक मदिया कटरा आरओबी को ऊंचा करने के लिए रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने नवंबर, 2020 में जिला प्रशासन से 40 दिन का ब्लॉक मांगा था।
तब दीवाली का त्योहार होने के कारण प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। अब जिला प्रशासन ने 35 दिन का ब्लॉक मंजूर कर दिया है। इस दौरान पुल को दोबारा तोड़कर नए सिरे से ऊंचा उठाकर बनाया जाएगा।
मदिया कटरा मार्ग का नक्शा
- फोटो : अमर उजाला
ट्रेनों का भी लिया जाएगा ब्लॉक
आरओबी के निर्माण के लिए आगरा-दिल्ली के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेनें प्रभावित होंगी। इसके लिए चार से पांच घंटे तक का ब्लॉक प्रतिदिन लिया जाएगा। ट्रेनों को दूसरे रूटों से होकर गुजारा जाएगा। वाणिज्य प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि आठ अप्रैल के बाद से ही ट्रेनों का ब्लॉक लिया जाएगा।
डायवर्जन: खंदारी और सेंट जोंस चौराहा होकर जाएंगे वाहन
1- हरीपर्वत चौराहे की तरफ से आने वाले सभी वाहन आरबीएस के सामने से खंदारी चौराहा होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
2- लोहामंडी की तरफ से हरीपर्वत चौराहे की तरफ आने वाले वाहन लोहामंडी से सेंट जोंस चौराहे होकर गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
3- भावना स्टेट से हरीपर्वत चौराहे की तरफ आने वाले वाहन मदिया कटरा से तोता का ताल होते हुए सेंट जोंस चौराहा होकर जाएंगे।
ट्रैफिक पुलिस की रहेगी तैनाती
जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने कहा कि डायवर्जन के कारण जाम की समस्या से बचाने के लिए यातायात पुलिस के सिपाहियों की तैनाती की जाएगी। जिला प्रशासन ने 40 के स्थान पर 35 दिन का ही ब्लॉक दिया है।
इन इलाकों के लोगों को झेलनी होगी मुसीबत
- काले का ताल, आरबीएस व खंदारी के अपार्टमेंट्स में रहने वाले लोग
- मदिया कटरा, बेसन की बस्ती, तोता का ताल, न्यू राजा मंडी, खंदारी निवासी
- दिल्ली गेट, बाग फरजाना, पुष्पांजलि अपार्टमेंट, मधुवन प्लाजा के लोग
मरीज, तीमारदार होंगे परेशान
बाग फरजाना और दिल्ली गेट इलाके में लगभग 45 नर्सिंग होम और चिकित्सकों के क्लीनिक व पैथोलॉजी लैब हैं। इनमें इलाज और जांच के लिए रोजाना 10 से 15 हजार लोगों का आवागमन होता है। एंबुलेंस से भी मरीजों को लाया जाता है। मदिया कटरा पुल के बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों के तीमारदारों और अस्पताल के स्टाफ को उठानी होगी।
हरीपर्वत चौराहे पर फंसेंगे वाहन
शहर के व्यस्ततम हरीपर्वत चौराहे से वाहनों को डायवर्ट करके गुजारा जाएगा। ऐसे में इस चौराहे पर वाहनों का दबाव और बढ़ जाएगा। चौराहे पर जाम की समस्या बढ़ जाएगी। चूंकि चौराहे से आगे सेंट जोंस आरओबी संकरा है, ऐसे में यहां वाहन फंसेंगे।