मधुकामिनी एक ऐसी वनस्पति जिसे कई नामों से जाना जाता है। इसे मुरैया पैनिक्युलेटा, ऑरेंज जैस्मिन, चाइना बॉक्स, कॉस्मेटिक बार्कट्री या मॉक ऑरेंज के नाम से भी जानते हैं। मधु कामिनी का पौधा एक लोकप्रिय उद्यान झाड़ी है, जिसका केवल सजावटी महत्व ही नहीं है बल्कि इसमें तमाम आयुर्वेदिक गुण भी है।
रूटेसी परिवार की सदस्य यह वनस्पति एक झाड़ी या छोटा पेड़ है। इसकी चिकनी छाल, सुगंधित सफेद या क्रीम रंग के फूल और अंडाकार, नारंगी-लाल फल होते हैं। सेंट जोंस कॉलेज की वनस्पति विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. साक्षी वाकर ने बताया कि यह मानसिक तनाव कम करने, नींद सुधारने, और पाचन तंत्र को मजबूत करने में लाभदायक वृक्ष है।
सांस्कृतिक रूप से यह प्रेम और समृद्धि का प्रतीक है। घर में सकारात्मक ऊर्जा लाता है। इसे पारंपरिक और आधुनिक औषधियों के साथ-साथ बागवानी के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है। पौधों से प्राप्त औषधियों का उपयोग मानसिक रोग, त्वचा रोग, तपेदिक, मधुमेह, पीलिया, उच्च रक्तचाप और कैंसर के इलाज के लिए किया जाता है।