दिल्ली रुट पर एक रुपये कम की टिकट निकाल रहीं मशीनें
कासगंज। दिल्ली रुट पर चलने वाली रोडवेज बसों में टिकट मशीन से सही किराया नहीं निकल रहा है। दिल्ली के किराये से एक रुपये कम का टिकट मशीन से निकल रहा है, जबकि यात्रियों से एक रुपया ज्यादा लिया जा रहा है। इसे लेकर अक्सर परिचालक का यात्रियों से विवाद हो रहा है।
दिल्ली रुट पर गभाना के बाद टोल प्लाजा बनने पर बसों पर टोल टैक्स लगना शुरू हो गया हैं। जिससे दिल्ली जाने वाली बसों का किराया एक रुपया बढ़ गया है। लेकिन मशीनों में पुरानी टिकट का रुपया ही फीड होने के कारण मशीनों से पुराने किराये की टिकट ही निकल रही हैं। वर्तमान में दिल्ली का किराया 284 रुपये हैं, जबकि बसों में टिकट मशीन से 283 रुपये की टिकट निकल रही हैं। जब परिचालक यात्री को 283 रुपये की टिकट थमाकर 284 रुपये मागंता है तो विवाद की स्थिति बन जाती हैं। ऐसे में यात्रियों को समझाना परिचालकों के लिए दिक्कतों भरा हो जाता है।
यह है किराये में अंतर
कहां से कहा तक -किराया- मशीन द्वारा जारी टिकट
कासगंज से दिल्ली -284 रुपये-283 रुपये
कासगंज से लालकुआं- 238 रुपये -237 रुपये
कासगंज से दादरी -223 रुपये - 222 रुपये
दिल्ली से अलीगढ़ - 206 रुपये - 205 रुपये
दिल्ली से सिकंद्राराऊ - 247 रुपये - 246 रुपये
पुरानी टिकट मशीनों के होने के चलते यह दिक्कते आ रही हैं। मशीनो में पूर्व का किराया फीड हैं, जिससे उसी किराये की टिकट मशीनों से निकलती है। शीघ्र ही नई मशीनों के निगम से मिलने की उम्मीद है। जिनके आने के बाद समस्या का निदान हो जाएगा और सही किराये की टिकट मशीनों ने निकलने लगेगी। जो रुपये अधिक हैं उसका मैनुअल टिकट बनाकर यात्री को दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। - संजीव कुमार, एआरएम