कासगंज। मिली है सजा उनसे दिल लगाने की, नजर लग गई शायद मेरे प्यार को जमाने की। शायर द्वारा कहे गए यह शब्द मोहब्बत की सजा पाने वाले प्रेमी पर सटीक बैठ रहे हैं। दो साल पहले से युवती व फिरोज के प्रेम संबंध हैं। भले ही प्रेमिका गंजडुंडवारा और प्रेमी दिल्ली में रह रहे हों लेकिन दीवानगी थी। डेढ़ साल पहले पुलिस कार्रवाई होने पर भी प्रेम संबंध अटूट बने रहे। प्रेमिका के परिजनों द्वारा दी गई सजा के बाद फिरोज डरा सहमा है। मंजर को याद कर उसकी रूह कांप रही है।
फिरोज जब दो साल पूर्व गांव म्याऊं में रहता था तब उसके प्रेम संबंध गंजडुंडवारा की युवती से हो गए। लगभग डेढ़ वर्ष प्रेमी के खिलाफ प्रेमिका के परिजनों ने बेटी को भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। उस समय पुलिस ने प्रेमिका को बरामद कर लिया, लेकिन प्रेमिका ने अपने बयानों में स्पष्ट कर दिया कि फिरोज उसे भगाकर नहीं ले गया। पुलिस ने प्रेेमिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उसके बाद फिरोज दिल्ली चला गया। पुलिस के मुताबिक प्रेमी ने बताया कि चोरी छिपे फोन पर प्रेमी प्रेमिका आपस में बात करते थे। किसी तरह प्रेमिका के परिजनों को यह बात मालूम पड़ गई और उन्होंने प्रेमिका को भरोसे में लेकर प्रेमी को गंजडुंडवारा बुला लिया। उसके बाद मोहब्बत की ऐसी सजा दी कि जिसे यादकर प्रेमी की रूह कांप रही है और वह फफक कर रो पड़ता है।
- डेढ़ वर्ष पहले प्रेमी पर प्रेमिका को भगाने के आरोप में मुकदमा दर्ज थाने में हुआ था। उस समय पुलिस ने प्रेमिका बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दी। फोन पर प्रेमी प्रेमिका बात करते रहे। परिजनों ने योजनाबद्ध तरीके से उसे बुलाकर घटना को अंजाम दिया।- रिपुदमन सिंह, कोतवाली प्रभारी, गंजडुंडवारा।