बिछवां (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव अंजनी के पास बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा के बल पर मारुति वैन चालक के साथ मारपीट करके असलहा के दम पर वैन ले गए। वारदात की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से जानकारी ली।
थाना क्षेत्र निवासी कुलदीप गुप्ता की वैन को कस्बा निवासी राकेश चलाता है। रविवार को वह गाड़ी को मरम्मत के लिए शहर लेकर गया था। देर शाम करीब 8:45 बजे वह वैन लेकर वापस गांव लौट रहा था। चालक के अनुसार वैन जब गांव अंजनी के पास पहुंची, तभी बाइक सवार चार लोगों ने तमंचा दिखाकर गाड़ी को रुकवा लिया। बदमाशों ने उसे वैन से बाहर खींच लिया और तमंचा दिखाते हुए हाथापाई करने लगे। उसे धक्का मारकर बदमाश वैन ले गए।
वारदात की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। चालक से जानकारी लेने के साथ बदमाशों की तलाश की गई, लेकिन कोई भी हाथ नहीं आ सका। वैन मालिक कुलदीप गुप्ता की ओर से थाने में तहरीर दी गई।
वैन मालिक की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सुनील कुमार भारद्वाज, थानाध्यक्ष