फरीदाबाद के हॉस्पिटल कर्मचारी सूरज को भगवान टाकीज से कार में बैठाकर बदमाशों ने 2.90 लाख रुपये लूट लिए। उसके साथ मारपीट भी की। बदमाश अरतोनी पर कार से फेंककर भाग गए। पीड़ित ने परिजनों को सूचना दी। उन्होंने थाना न्यू आगरा पहुंचकर पुलिस को बताया।
राजाखेड़ा, धौलपुर निवासी सूरज पुत्र रामसेवक फरीदाबाद के एक हॉस्पिटल में कर्मचारी है। सूरज ने पुलिस को बताया कि पिता ने राजपुर चुंगी स्थित ऑटो मोबाइल कंपनी के शोरूम से कार बुक की थी।
कार की खरीद के लिए 2.90 लाख रुपये लेकर वह मंगलवार सुबह 10 बजे फरीदाबाद से आगरा आया था। आईएसबीटी पर बस से उतरने के बाद भगवान टॉकीज ऑटो से आ गया। यहां पर वाहन का इंतजार करने लगा।
तभी एक ईको कार आई। कार चालक के पूछने पर सूरज ने राजपुर चुंगी जाने के लिए बोल दिया। चालक ने बैठा लिया। कुछ दूरी पर चलने के बाद कार को मथुरा की ओर ले जाने लगा। सूरज ने पूछा तो कहा कि कुछ काम है।
रास्ते में दो लोग और बैठा लिए। आगे चलते ही दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। एक ने तमंचा तान दिया। सूरज के पैरों में डंडा मार दिया। इसके बाद रुपयों से भरा बैग, दो मोबाइल, अंगूठी, चेन और घड़ी लूट ली। अरतोनी के पास कार धीमी करके फेंक दिया।
सूरज ने रुनकता में अपनी ससुराल पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन आ गए। उन्होंने थाना न्यू आगरा पुलिस को बताया। सीओ हरीपर्वत एएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि लूट की सूचना दी गई है। घटना की जांच की जा रही है।
थाने के बाहर डग्गामार वाहनों का अड्डा
फिरोजाबाद के अधिवक्ता अकरम अंसारी को भगवान टाकीज से ही कार में सवारी के रूप में बैठाकर अगवा किया गया था। 50 लाख रुपये फिरौती की मांग की थी। पुलिस ने गैंग को पकड़ा था। थाना न्यू आगरा के बाहर ही डग्गामार वाहन खड़े होते हैं। इन पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है, जबकि शहर में कई बार इसी तरह लूट की घटनाएं हो चुकी हैं।