टूंडला(फिरोजाबाद)। मंगलवार रात बदमाशों ने ठीक 24 घंटे बाद लगातार दूसरे दिन लूट की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी है। बदमाशों ने पेट्रोल पंप से काम कर घर लौट रहे दो वाइकों पर सवार तीन युवकों को अपना निशाना बनाया। बदमाश तमंचा दिखाकर युवकों से नकदी व मोबाइल लूटकर भाग गए। घटना की पुलिस में तहरीर दी गई है।
घटना मंगलवार रात 12 बजे करीब की है। थाना क्षेत्र के गांव गोपाल गढ़ी निवासी पवन पुत्र सियाराम, टिंचू पुत्र मुन्नालाल व वेदप्रकाश पुत्र महाराज सिंह नगला भाऊ फिरोजाबाद स्थित पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। तीनों युवक रात 12 बजे करीब काम कर दो बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। वे अली नगर कैंजरा के समीप पहुंचे तभी झाड़ियों से बाहर निकलकर आए बदमाशों ने तमंचा दिखाते हुए उन्हें रोक लिया। इस बीच बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देते हुए उनकी जेब से तीन हजार रुपये व मोबाइल लूटकर भाग हो गए। पीड़ितों ने तत्काल कुछ ही दूरी स्थित राजा का ताल पुलिस चौकी पर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने युवकों को साथ लेकर बदमाशों की तलाश की, किंतु पता नहीं चला। लूट के शिकार हुए युवकों ने पुलिस में तहरीर दी है।
24 घंटे में दूसरी घटना है चौकी क्षेत्र में
टूंडला। टोल प्लाजा से फिरोजाबाद शहर की सीमा बदमाशों के लिए लूट का सुरक्षित क्षेत्र बन गया है। मात्र 24 घंटे पूर्व ही हाईवे पर थाना क्षेत्र के नगला गोला के समीप से एक्टिवा सवार युवकों इसी तरह तमंचा दिखाकर लूट लिया था। बदमाश उनसे एक्टिवा, मोबाइल, नकदी लूट ले गए थे तथा उन्हें मारपीट कर सड़क किनारे खंदी में डालकर भाग गए थे। उससे पूर्व टोल प्लाजा के निकट दवा मैनेजर को गोली मारकर बदमाश नकदी आदि लूट ले गए थे। पुलिस ने इस घटना का खुलासा किया। वहीं एक के बाद एक लूट की घटनाएं पुलिस के खुलासे पर प्रश्नचिह्न लगा रहीं हैं।