कोसीकलां (मथुरा)। मथुरा से किराए पर टेंपो लेकर आए बदमाशों ने शाहपुर रोड पर चालक की पिटाई कर टेंपो लूट लिया। पीड़ित चालक ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव बदनगढ़ बरसाना निवासी रोहताश टेंपो चलाता है। शुक्रवार की रात वह मथुरा के गोवर्धन चौराहे पर खड़े था। तभी चार लोगों ने शनिदेव धाम के लिए उसके टेंपो को किराए पर लिया। जब वे लोग कोसीकलां पहुंचे तभी उन्होंने अपने एक साथी को बुखरारी से लेकर आने की बात कही। जिसके बाद वे लोग बुखरारी के लिए निकल गए। जब वे लोग गांव के समीप पहुंचे तभी सवारी के वेश में बैठ लोग अपने असली रूप में आ गए। उन्होंने चालक को पकड़ लिया और पिटाई कर उसे नीचे उतार लिया। जिसके बाद वे उसके मोबाइल फोन एवं टेंपो को लेकर फरार हो गए। इंस्पेक्टर प्रमोद पंवार ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।