एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों की लगी भीड़। अमर उजाला
आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज में सोमवार को रिकाॅर्ड 4175 मरीज पहुंचे। मरीजों की भारी भीड़ से ओपीडी की व्यवस्था चरमरा गई। पर्चा, दवा के लिए मारामारी-धक्का-मुक्की झेलनी पड़ी। इससे बुजुर्ग और महिला मरीजों को काफी परेशानी हुई। खांसी, जुकाम व बुखार के मरीजों को भी करीब चार घंटे में इलाज मिल सका। भीड़ को देखते हुए ओपीडी का समय एक घंटे बढ़ा दिया गया।
ओपीडी में सुबह नौ से एक बजे तक हॉल ठसाठस भरा रहा। ओपीडी के बाहर तक कतारें लग गईं। सबसे ज्यादा दिक्कत पर्चा बनवाने में हुई। धक्का-मुक्की होने पर गार्ड ने व्यवस्था संभाली। दो घंटे में लाइन में लगने के बाद पर्चा बन सका। यहां से डॉक्टर को दिखाने, फिर दवा लेने के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ी। मरीजों की भीड़ को देखते हुए एक घंटे अतिरिक्त यानी तीन बजे तक ओपीडी चली।
कुबेरपुर निवासी रामवीर बघेल ने बताया कि पिताजी को सीने में दिक्कत हो रही थी। ओपीडी में भारी भीड़ रही। पिताजी की जगह मैं खुद लाइन में लगा। सवा दो घंटे में पर्चा बनने के बाद डॉक्टर को दिखाने पहुंचा। यहां भी डेढ़ घंटे समय लग गया। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि सोमवार को अन्य दिनों के मुकाबले मरीजों की संख्या अधिक रहती है। रिकाॅर्ड चार हजार से अधिक मरीज आए। भीड़ को देखते हुए ऑनलाइन पर्चा बनवाने के काउंटर भी बढ़ा दिए हैं।
-
खुजली-चकत्ते और पेट रोग के मरीज बढ़े
- मौसम बदलने पर खुजली-चकत्ते और पेट रोग के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। त्वचा रोग विभागाध्यक्ष डॉ. यतेंद्र चाहर ने बताया कि तेज धूप से एलर्जी, चकत्ते और खुजली हो रही है। मेडिसिन विभाग के डॉ. मनीष बंसल ने बताया कि पेट में दर्द, जलन, अपच और उल्टी-दस्त के मरीज बढ़े हैं।
इन विभागों में आए सबसे ज्यादा मरीज
मरीजों की संख्या विभाग
893: मेडिसिन
419: हड़्डी रोग
363: त्वचा रोग
324: वक्ष एवं क्षय रोग
248: न्यूरोलॉजी