आगरा में नेशनल हाईवे पर सोमवार और मंगलवार को नवीन गल्ला मंडी की तरफ वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। फिरोजाबाद और मथुरा की तरफ वाहनों को परिवर्तित मार्ग से निकाला जाएगा। पुलिस ने रामबाग ओवरब्रिज से पहले और शाहदरा चुंगी पर बैरियर लगाया है। सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सैयद अरीब अहमद ने बताया कि डायवर्जन पॉइंट पर यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। सोमवार सुबह 5 बजे से डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा।
यह रहेगी व्यवस्था
- मथुरा से फिरोजाबाद की तरफ जाने वाले भारी वाहन दक्षिणी बाईपास से होकर रोहता, दिगनेर मार्ग से एकता चौकी, तोरा चौकी, रमाडा कट से इनर रिंग रोड होकर जा सकेंगे।
- फिरोजाबाद से मथुरा जाने वाले भारी वाहन कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेस-वे से जाएंगे।
- अलीगढ़/जलेसर (एटा) की तरफ से फिरोजाबाद और मथुरा की ओर टेढ़ी बगिया, सौ फुटा होते हुए शाहदरा चुंगी, कुबेरपुर होकर जाएंगे।
- टेढ़ी बगिया चौराहा पर यातायात का अधिक दबाव होने पर अलीगढ़ की ओर के भारी वाहनों को खंदौली चौराहा से डायवर्ट कर मुड़ी चौराहे से एत्मादपुर होकर जाएंगे।
- जलेसर (एटा) की ओर से आने वाले वाहनों को मुड़ी चौराहा से डायवर्ट कर एत्मादपुर भेजा जाएगा।
- फिरोजाबाद से शहर में आने वाले हल्के वाहन बजरंग पेट्रोल पंप से नुनिहाई तिराहा से एत्माद्दौला तिराहा होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
- शहर से फिरोजाबाद की तरफ जाने वाले हल्के वाहन रामबाग चौराहा से टेढ़ी बगिया चौराहा से सौ फुटा मार्ग होकर जाएंगे।
- रामबाग चौराहा से बजरंग पेट्रोल पंप के बीच एनएच-19 पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन 6 मई को सुबह 5 बजे से पोलिंग पार्टियों के रवाना होने और 7 मई की शाम 5 बजे से मतदान पेटियों के नवीन गल्ला मंडी समिति में जमा होने तक प्रतिबंधित रहेगा।
- रामबाग स्थित सुधा नर्सरी के सामने और शाहदरा चुंगी पर बैरियर लगे हैं। मतदान ड्यूटी में लगे कर्मी, मीडिया कर्मी, पुलिस कर्मी, मतदान अभिकर्ता व प्रत्याशी नवीन गल्ला मंडी परिसर की ओर जाने के लिए अधिकृत पास-परिचय पत्र दिखाकर प्रवेश कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति-वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
लग सकता है जाम
मतदान कर्मियों के वाहनों का मंडी समिति पर आवागमन होगा। इस कारण यातायात का दबाव अधिक रहेगा। टेढ़ी बगिया और शाहदरा पर पहले से ही जाम के हालात रहते हैं। डायवर्जन की वजह से दिक्कत बढ़ सकती है।