कलेक्टेट पर नामाकंन के लिए हुई बैरिकेटिंग
- फोटो : अमर उजाला
ब्रज की तीन लोकसभा सीट आगरा, फतेहपुर सीकरी और मथुरा के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। इसके लिए व्यापक स्तर कलेक्ट्रेट पर व्यवस्थाएं की गई हैं। चप्पे-चप्पे पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। नामांकन कक्ष में वीडियोग्राफी होगी। इस कक्ष में प्रत्याशी के साथ प्रस्तावक ही जा सकेंगे। एक बार में पांच से अधिक लोग नामांकन कक्ष में नहीं रहेंगे।
आगरा के उपजिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रमेश चंद्र के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच होगी। आगरा लोकसभा सीट के नामांकन अपर जिलाधिकारी नगर और फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट के नामांकन जिलाधिकारी कोर्ट में होंगे।
नामांकन प्रक्रिया 26 मार्च तक होगी। 27 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 29 मार्च को प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। नामांकन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित तरीके से कराने के लिए कलक्ट्रेट में बैरिकेटिंग कराई गई है। इस रास्ते से प्रत्याशी और प्रस्तावक ही जा सकेंगे।
पहले दिन नामांकन पत्र लेने वालों का रहेगा आना-जाना
नामांकन प्रक्रिया का पहला दिन होने के कारण मंगलवार को नामांकन पत्र लेने वालों का ही सिलसिला चलेगा। चूंकि मंगलवार से ही नामांकन पत्र दिए जाएंगे। दोनों लोकसभा क्षेत्र के नामांकन कक्षों से ये फार्म प्राप्त किए जा सकते हैं।
फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के रिटर्निंग आफीसर (आरओ) जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार और आगरा लोकसभा क्षेत्र के आरओ मुख्य विकास अधिकारी रविंद्र मांदड़ हैं। फतेहपुर लोकसभा सीट के लिए व्यय प्रेक्षक विवेक गुप्ता सोमवार शाम आ गए हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर व्यय का लेखाजोखा तैयार करने और निगरानी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के बारे में भी जानकारी ली। कहां, कितने सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं इसके बारे में पड़ताल की।
शाम तीन बजे तक चलेगी नामांकन प्रक्रिया
उधर, मथुरा लोकसभा सीट के लिए भी मंगलवार से नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। सुबह दस बजे से तीन बजे तक यह प्रक्रिया चलेगी। इसके लिए प्रशासन ने कलक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के चौकस इंतजाम कर लिए हैं। प्रत्याशी और उनके प्रस्तावकों को ही नामांकन कक्ष में प्रवेश दिया जा सकेगा।
सोमवार को जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र और एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने कलक्ट्रेट में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टैंक चौराहे से लेकर कलक्ट्रेट तक पुलिस बल रहेगा। वाहनों की भीड़ को टैंक चौराहे पर ही रोक दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि 19 मार्च को फक्कड़ बाबा रामायणी अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। वो पिछले दो दिनों से कागजात तैयार कराने में जुटे थे। नामांकन जिलाधिकारी कोर्ट में कराया जाएगा। यहां सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक का वक्त तय किया गया है।