आगरा में भाजपा को विधानसभा चुनाव के मुकाबले लोकसभा चुनाव में हर विधानसभा में कम वोट मिले। हैरानी की बात तो ये है कि भाजपा के दो विधायक अपने घरों से भी भाजपा को जिता नहीं पाए।
दो साल पहले मार्च 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा जिले की सभी 9 सीटें लगातार दूसरी बार जीती थी। पर, अब हुए लोकसभा चुनाव में दो विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के सांसद प्रत्याशी पिछड़ गए। बाह और खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में दो साल में जनता के समर्थन में जबरदस्त गिरावट दिखी। ये दोनों विधानसभा सीटें भाजपा के लिए अब खतरे की घंटी हैं।
विज्ञापन
भाजपा ने लोकसभा चुनाव में आगरा और फतेहपुर सीकरी दोनों लोकसभा सीटें जीती हैं। महज दो साल पहले हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों को जो जनसमर्थन मिला था, उसमें शहर में कम लेकिन देहात में ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है।
फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में पार्टी बाह और खेरागढ़ में अपना वोट बैंक गवां बैठी। बाह से भाजपा की पक्षालिका सिंह और खेरागढ़ से भगवान सिंह कुशवाह विधायक हैं। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस सपा गठबंधन प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार को भाजपा प्रत्याशी से ज्यादा वोट मिले।खेरागढ़ में यह अंतर 24 हजार वोटों का रहा तो बाह में यह अंतर 7 हजार वोटों तक दर्ज किया गया।
विज्ञापन
हर सीट पर कम हो गए वोट
फतेहपुर सीकरी लोकसभा में बाह और खेरागढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी को भाजपा से ज्यादा वोट मिले, लेकिन अन्य विधानसभाओं में पार्टी के वोट कम होते रहे। यहां फतेहपुर सीकरी विधानसभा में 28 हजार वोट घटे तो ग्रामीण में यह अंतर 27 हजार वोटों का पहुंच गया। इसी तरह खेरागढ़ में 24 हजार तो फतेहाबाद में 8 हजार और बाह में 7 हजार वोट विधानसभा चुनाव के मुकाबले कम मिले।
आगरा सीट पर सपा के बढ़े, भाजपा के कम हुए
आगरा सुरक्षित लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल को विधानसभा चुनाव के मुकाबले लोकसभा चुनाव में कम वोट मिले। दो साल पहले हुए चुनाव से तुलना करें तो एत्मादपुर में तीन हजार, उत्तर में भी चार हजार, दक्षिण में पांच हजार, छावनी में चार हजार और जलेसर में पांच हजार वोट कम मिले, जबकि सपा प्रत्याशी को छावनी में 6 हजार, उत्तर में 12 हजार, दक्षिण में 10 हजार, एत्मादपुर में 17 हजार वोट ज्यादा मिले। जलेसर में विधानसभा चुनाव के मुकाबले सपा के वोट 10 हजार घट गए।
फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर प्रदर्शन
क्षेत्र साल 2022 2024
बाह 78,360 71,634
खेरागढ़ 96,574 74,796
फतेहाबाद 1,08,811 1,00,038
ग्रामीण 1,37,310 1,10,699
सीकरी 1,12,695 84,980
आगरा लोकसभा में प्रदर्शन
क्षेत्र साल 2022 2024
छावनी 1,17,796 1,13,161
उत्तर 1,53,817 1,49,922
दक्षिण 1,09,262 1,04,342
एत्मादपुर 1,46,603 1,43,178
जलेसर 91,339 86,458