मुलायम सिंह यादव को जीत का प्रमाण पत्र देते देवेंद्र सिंह
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी लोकसभा सीट से पांचवी बार सांसद चुने गए सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को उनके प्रतिनिधि ने जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। मुलायम ने जीत के लिए मैनपुरी की जनता का आभार जताया। इसके साथ ही मुलायम के अस्वस्थ होने की अटकलों पर भी विराम लग गया।
शनिवार को लखनऊ स्थित आवास पर पहुंचकर देवेंद्र सिंह यादव एडवोकेट ने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को प्रमाण पत्र सौंपा। पांचवी बार मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद चुने जाने का प्रमाण पत्र हाथ में लेते ही नेता जी का चेहरा खिल उठा।
सपा संरक्षक के कैमरे के सामने आने से उनके अस्वस्थ होने की अटकलों पर विराम लग गया। चुनाव अभिकर्ता देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि नेता जी पूरी तरह से स्वस्थ हैं। मतगणना में न आने पर मुलायम के स्वास्थ्य को लेकर अटकलें शुरू हो गई थीं।