शादी के पांच साल बाद विवाहिता को इस कदर प्रताड़ित किया जाने लगा कि आहत होकर उसने जान देने की कोशिश की। वो फंदे पर लटक गई। ससुराल वालों को जब लगा कि वो मर चुकी है, तो अस्पताल लेकर पहुंच गए। यहां उसके छोड़कर भाग निकले।
आगरा के एकता थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने ससुरालीजन पर मानसिक प्रताड़ना देने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। उसने 5 दिसंबर को फंदे से लटक कर जान देने की कोशिश की थी। पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
पीड़िता अपना कुमारी ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी नगला कली, देवरी रोड निवासी राजकमल के साथ पांच साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही ससुर महेश चंद, सास जमुना देवी और जेठ हरवीर सिंह छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ित करते थे। पति को घर से भगा देने की धमकी देकर पक्ष में नहीं बोलने देते थे।
पीड़िता का आरोप है कि 5 दिसंबर को आरोपियाें ने घर के शौचालय, बाथरूम और अन्य कमरों में ताला लगाकर उन्हें बंद कर दिया। पानी मांगा तो तीनों मजाक उड़ाते रहे। घुटन, तनाव और डर के बीच उसने आत्महत्या की कोशिश की। जब आरोपियों को लगा कि वह मर चुकी है तो उसे मुड़ी अस्पताल में छोड़ आए। उनके पिता ने उसी दिन पुलिस को दो बार तहरीर दी , लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। थाना प्रभारी का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।