आगरा में लॉकडाउन में सख्ती के कारण ठेल-ढकेल वाले भी बस्तियों में नहीं पहुंच पा रहे हैं। हॉटस्पॉट इलाकों में रोजेदारों को तीन दिन से सब्जी और फल भी नहीं मिल पा रहे हैं। रोजाना मंडी जाने वाले विक्रेता भी सिकंदरा मंडी तक खरीददारी करने नहीं पहुंच पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि रमजान में छूट देने का वादा खोखला ही निकला है।
हॉटस्पॉट मंटोला में सुबह खरीदारी करने निकले लोगों को पुलिस ने घरों में जाने को कह दिया। लोग गलियों में सब्जी और फल वालों का इंतजार करते रहे मगर कोई विक्रेता नहीं पहुंचा। इसी तरह पाय चौकी इलाके में दूध, फल व सब्जी वाले नहीं पहुंच पा रहे हैं।
सुबह भी नहीं मिल रही सब्जी
मंटोला के मोहम्मद खालिद ने बताया कि लॉकडाउन में फल, सब्जी व राशन सामग्री सुबह मिल जाती है, लेकिन पिछले तीन दिन से पुलिस ने सख्ती ज्यादा बढ़ा दी है। अब सब्जी वाले भी नहीं आ रहे हैं। ऐसे में रोजेदारों के सामने मुश्किल हो गई है।