04एमएनपी-10-शहर के आगरा रोड स्थित खानकाहे रश्ीदिया में सफाई करते लोग
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। सरकार आठ जून से धार्मिक स्थलों को खोल सकती है। इसकी चर्चा के बाद जिले के धार्मिक स्थलों में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारा में सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। धार्मिक स्थलों की साफ सफाई के साथ ही इन्हें सैनिटाइज किया जा रहा है।
शीतला धाम स्थित काली देवी मंदिर में करीब दो महीने बाद आठ जून से मंदिर के कपाट खोलने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पुजारी गीतमदास की देखरेख में पूरे मंदिर को सैनिटाइज किया गया है। पुजारी गीतमदास का कहना है कि मंदिर खुलते हैं तो गेट पर ही एक सेवादार अंदर आने वाले भक्तों के हाथों को सैनिटाइज कराएगा। बिना मास्क के किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हररोज मंदिर को सैनिटाइज किया जाएगा। मंदिर में किसी को भी फूल माला आदि चढ़ाने का अधिकार नहीं दिया जाएगा।
हर नमाज के बाद मस्जिद होगी सैनिटाइज
आगरा रोड स्थित मस्जिद खानकाहे रशीदिया में भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मस्जिद को पूरी तरह से सैनिटाइज कराया गया है। सज्जादानशीं अब्दुल रहमान खान चिश्ती उर्फ बबलू मियां का कहना है कि मस्जिद को पूरी तरह से सैनिटाइज कराया गया है। मस्जिद में नमाज के लिए आने वाले लोगों को घर से ही हाथ धोकर आना पड़ेगा। मस्जिद में उनके हाथ सैनिटाइज कराए जाएंगे। बिना मास्क के किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सैनिटाइज के लिए छिड़काव करने वाली मशीन की व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन होने वाली हर नमाज के बाद मस्जिद को पूरी तरह से सैनिटाइज किया जाएगा।
गुरुद्वारा में मास्क लगाना होगा अनिवार्य
पंजाबी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा में ज्ञानी अभिनाश सिंह, प्रधान राजेश अरोरा, संयुक्त सचिव नरेंद्र कालड़ा की देखरेख में गुरुद्वारा को सैनिटाइज कराया जा रहा है। ज्ञानी अविनश सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा को सैनिटाइज के लिए खुद की सैनिटाइज मशीन मंगाई गई है। यदि गुरुद्वारा खुलने की अनुमति मिलती है तो किसी को भी बिना सैनिटाइज कराए अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। मास्क के बिना प्रवेश वर्जित होगा। इसके अतिरिक्त गुरुद्वारा में सिर ढकने के लिए रखे गए रुमाल दो बॉक्स रखे जाएंगे। एक व्यक्ति एक दिन में एक ही रूमाल प्रयोग करेगा। दर्शन करने के बाद वह रूमाल अलग डिब्बे में डाला जाएगा।