16एमएनपी-23-घिरोर में सब्जी के ठेल पलटकर पुलिस कार्रवाई का विरोध करते सब्जी बिक्रेता
- फोटो : MAINPURI
घिरोर (मैनपुरी)। लॉकडाउन में सब्जियां बेचकर गुजर बसर कर रहे हथठेल वालों को आए दिन पुलिस के डंडे खाने पड़ रहे हैं। पुलिस के इस रवैये के चलते हथठेल वाले अब परेशान हो गए हैं। शनिवार की सुबह उन्होंने हथठेल पर रखी सब्जियां सड़क पर पलट कर पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। वे थाना प्रभारी को हटाए जाने की मांग कर रहे हैं।
कोरोना वायरस संक्रमण के चलते देश भर में 17 मई तक लॉकडाउन है। वहीं थाना क्षेत्र में संक्रमित मिलने के बाद क्षेत्र पहले हॉटस्पॉट भी रह चुका है। पुलिस वहां निगरानी व सुरक्षा के लिए लगातार गश्त करती है। लेकिन इन सब के बीच कहीं न कहीं ठेल लगाकर सब्जी बेचने वाले पुलिस के गलत बर्ताव का शिकार हो रहे हैं। सब्जी विक्रेताओं को राह चलते पुलिस कब डंडे लगाना शुरू कर दे पता नहीं। ऐसा ही कहना है स्थानीय दुकानदारों का। आए दिन के इस पुलिस उत्पीड़न से परेशान हथठेल वालों ने शनिवार की सुबह अपने ठेले सड़क पर पलट दिए। आक्रोशित सब्जी विक्रेताओं ने कहा कि जब तक मनमानी करने वाले प्रभारी निरीक्षक पर कार्रवाई नहीं होती तब तक हड़ताल रहेगी। भाजपा नेत्री उर्मिला चौहान व प्रदीप चौहान के नेतृत्व में प्रदर्शन कर नारेबाजी की।