मैनपुरी। लॉकडाउन के चलते लगभग एक माह तक सभी कार्य प्रभावित रहे। इसमें शौचालय निर्माण भी अटका रहा। अब शासन ने निर्माण के लिए हरी झंडी दे दी है। इसके बाद गलत बैंक खाते पंचायत राज विभाग की राह में रोड़ा अटका रहे हैं।
मई के अंत तक जिले में अधूरे पड़े सभी शौचालयों का निर्माण पूर्ण किया जाना है। हाल ही में प्रमुख सचिव के आदेश के बाद उप निदेशक ने भी जिले में पहुंचकर इसकी समीक्षा की थी। इसमें सामने आया कि जिले के सभी नौ ब्लॉकों से पंचायत राज विभाग को भेजी गई लाभार्थियों की सूची में उनके बैंक खाते गलत भेज दिए गए।
जब पंचायत राज विभाग ने बैंकों को धनराशि स्थानांतरण के लिए फाइल भेजी तो बैंकों ने लगभग चार हजार खातों को गलत बताते हुए उनकी सूची लौटा दी। अब विभाग इसके संशोधन में लगा हुआ है। ब्लॉकों के माध्यम से अब तक तीन हजार के करीब खातों को संशोधित कर धनराशि बैंक भेज दी गई है। वहीं एक हजार खातों में संशोधन अब भी बाकी है। अब देखना है कि मई तक निर्माण पूरा हो पाता है या नहीं।
धनराशि भेज दी जाएगी
सभी सहायक विकास अधिकारी पंचायत को संशोधन कर खातों की सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। सोमवार तक सभी खाते संशोधित कर उनमें धनराशि भेज दी जाएगी। - स्वामीदीन, डीपीआरओ।