20एमएनपी-06-शहर के हॉटस्पॉट एरिया में पुलिस द्वारा कराई गई बेरीकेडिंग
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। हॉट स्पॉट एरिया वंशीगोहरा की सभी गलियों में बैरीकेड़िग कराई दी है। एसडीएम सदर और सीओ सिटी को प्रभारी बनाया है। पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। लोगों के घरों से निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है। सब्जी और दूध की बिक्री पुलिस की मौजूदगी में सुबह तीन घंटे तक कराई जा रही है।
बंशीगोहरा क्षेत्र में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद क्षेत्र को हॉटस्पॉट घोषित किया गया था। शासन के निर्देश के बाद रविवार की रात प्रशासन ने पूरे क्षेत्र की बैरीकेडिंग करा दी है। पूरे एरिया को सील कर दिया गया है। पुलिस ने रात में जीप से एनाउंस करके लोगों के घरों से निकलने पर पाबंदी लगा दी है। घर से बाहर पाए जाने पर जेल भेजने की चेतावनी दी गई। पुलिस ने रातभर क्षेत्र में गश्त किया। सोमवार को सुबह छह बजे से नौ बजे तक पुलिस की मौजूदगी में दूध, सब्जी और फलों की बिक्री कराई गई। हथठेल वालों के पास चेक करने के बाद ही उनको गलियों के अंदर जाने दिया गया। क्षेत्र की सभी गलियों केे बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। डीएम और एसपी लगातार हॉटस्पॉट की गतिविधियों पर नजर जमाए हुए हैं।
निगरानी के बाद मिलेगी राहत
कोरोना संक्रमित मिलने के बाद 14 दिन तक लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी गई है। 14 दिन की निगरानी के बाद प्रशासन द्वारा हालात केे आधार पर ही समीक्षा करने के बाद लोगों को राहत देने की बात कही गई है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें बाहर से आए लोगों की अपने स्तर से तलाश कर रही हैं।
शासन के निर्देशों के तहत हॉटस्पॉट क्षेत्र की सभी गलियों की बैरीकेडिंग करा दी गई है। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। पूरे एरिया को सील कर दिया गया है। एसडीएम सदर और सीओ सिटी पूरे क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।
ओमप्रकाश सिंह, एएसपी