मैनपुरी। केंद्र और प्रदेश सरकार ने 20 अप्रैल से कुछ शर्तों के साथ लॉकडाउन में राहत प्रदान की है। इसी को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी महेेंद्र बहादुर सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग, शिकोहाबाद-भोगांव फोरलेन के साथ-साथ ऐसे निर्माणाधीन कार्य जहां साइड पर ही लेबर उपलब्ध हो संचालित होंगे। लॉकडाउन अवधि में कोई भी श्रमिक साइड के अलावा कहीं आवागमन नहीं कर सकेगा। ठेकेदार श्रमिकों को ग्लब्स, मास्क, गमछा आदि उपलब्ध कराएंगे और सामाजिक दूरी का पालन कराते हुए निर्माण कार्य कराए जाएंगे। जिस साइट पर सामाजिक दूरी का पालन नहीं होगा वहां संबंधित ठेकेदार, कार्यदायी संस्था के अभियंता पूरी तरह से जिम्मेदार होंगे।
उन्होंने कहा कि गांव-गांव कार्य योजना तैयार कर मनरेगा के कार्य कराए जाएं, जिससे जरूरतमंद श्रमिकों को उनके घर के पास ही रोजगार मिले।
डीएम ने कहा श्रमिकों, कृषकों के आवागमन पर कहीं कोई रोक नहीं होगी। कृषक खेती के कार्य के लिए अपने खेत तक आसानी से जा सकेंगे। सिर्फ हॉट स्पॉट वाले क्षेत्र में श्रमिक, किसानों के आवागमन पर पाबंदी रहेगी। किसान अपना गेहूं बेचने के लिए खाद्य विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण कराएं और समर्थन मूल्य 1925 प्रति कुंतल अपना गेहूं बेचें। एसपी अजय कुमार पांडेय, सीडीओ नागेंद्र शर्मा, सीएमओ डॉ. एके पांडेय, एडीएम बी राम, एएसपी ओम प्रकाश, सीएमएस डॉ. आरके सागर, एसडीएम सदर रजनीकांत, एसडीएम भोगांव सुधीर कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।
इन क्षेत्रों में मिली छूट
-पशु चिकित्सालय, ऐसे प्राइवेट चिकित्सालय जहां पीपीई किट, अन्य सुविधाएं मुहैया होंगी खुलेंगे।
-किसानों को परेशानी न हो इसके लिए उर्वरक, कीटनाशक की दुकानें खुलेंगी।
-हॉटस्पॉट वाले क्षेत्र को छोड़कर बैंक, सब्जी मंडी खुलेगी, यहां भी सामाजिक दूरी का पालन जरूरी रहेगा।
-मंडी में समय निर्धारित नहीं होगा, किसान दिन में कभी भी उपज मंडी में लाकर बेच सकेंगे। मंडी में सामान की खरीदारी उन्हीं के द्वारा की जाएगी, जिनके पास जारी किए गए हैं।
-बड़े प्रतिष्ठान थोक दुकानदारों को, थोक दुकानदार फुटकर विक्रेताओं को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएंगे और फुटकर विक्रेता घर-घर जाकर उचित मूल्य पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएंगे।
-दवा की दुकान खुली रहेंगी, यहां पर सामाजिक दूरी का पालन कराना दवा व्यवसायी की जिम्मेदारी होगी।
हॉटस्पॉट क्षेत्र रहेंगे पूर्ण लॉकडाउन
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं बंशीगोहरा के एक किलोमीटर क्षेत्र में, नगर पंचायत घिरोर, करहल एवं कुरावली के गांव भरतपुरा में लॉकडाउन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। क्षेत्र में सरकारी कार्मिकों के अलावा किसी भी व्यक्ति को आने-जाने की इजाजत नहीं होगी। हॉटस्पॉट वाले क्षेत्र के निवासियों को सभी आवश्यक सुविधाएं जिला प्रशासन के द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी।