भोगांव (मैनपुरी)। लॉकडाउन के बीच काम नहीं मिलने पर अपनों के बीच पहुंचने के लिए एक भूखा प्यासा मजदूर परिवार हरियाणा से पैदल ही अपने घर के लिए निकल पड़ा। मंगलवार को भोगांव में यूथ क्लब के सदस्यों ने इस परिवार को खाना खिलाकर आर्थिक मदद देकर गांव भेज दिया। लॉकडाउन के चलते पलवल हरियाणा में एक मजदूर परिवार को जब काम मिलना बंद हो गया तो यह परिवार दो दिन पहले अपने घर कन्नौज के कस्बा छिबरामऊ के लिए पैदल ही चल पड़ा। मंगलवार को यह परिवार जब जीटी रोड पडु़आ चौराहे पर पहुंचा तो यूथ क्लब के सदस्यों ने पूछताछ की तो उन्होंने अपना दर्द बताया।
सदस्यों से जानकारी मिलते ही यूथ क्लब के डॉक्टर मनेाज दीक्षित, जलज सक्सेना, संजीव मिश्रा, डॉक्टर निखिल गोस्वामी मौके पर पहुंच गए। परिवार के मुखिया रामनरेश बाथम ने बताया कि लॉकडाउन के चलते उसको काम नहीं मिल रहा है। परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है। अपनों के पास पहुंचने के लिए वाहन नहीं मिलने पर वह परिवार सहित पैदल ही पलवल से दो दिन पहले चला था। भोगांव तक दो दिन में पहुंचा है। भूखे परिवार को क्लब के सदस्यों ने खाना खिलाने के बाद घर तक जाने के लिए आर्थिक मदद देकर रवाना कर दिया।