कासगंज। घरों में क्वारंटीन किए गए बाहर से आए लोगों की निगरानी अब बढ़ा दी गई है। अधिकारी दिन भर क्वारंटीन किए गए लोगों की जानकारी लेते रहे। खुफिया विभाग की टीमें भी नजर बनाए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि होम क्वारंटीन किया गया यदि कोई व्यक्ति घर से बाहर निकलता है तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
जनपद में तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। उनकी शिकायतें भी प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को मिली हैं कि वे होम क्वारंटीन होने के बावजूद घरों से बाहर घूम रहे थे। ऐसे में अब प्रशासन की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।
कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बनाए गए कंट्रोल रूम पर तैनात अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जिले के सभी होम क्वारंटीन लोगों की प्रतिदिन जानकारी लेकर यह सुनिश्चित करें कि वह घर पर हैं या बाहर निकले हैं। खुफिया टीमें भी अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेंगी। यदि कोई भी व्यक्ति घर से बाहर निकलता है तो स्वास्थ्य विभाग प्राथमिकी दर्ज करा देगा।
यहां करें संपर्क
05744-272028, 272027, मोबाइल नंबर- 9528972258
होगी सख्त कार्रवाई
यदि कोई होम क्वारंटीन व्यक्ति घर से बाहर मिला तो प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। सख्त निगरानी कराई जा रही है। लोग स्वयं जिम्मेदारी का निर्वहन करें। डीएम सीपी सिंह