करहल (मैनपुरी)। कोरोना वायरस को लेकर कस्बा में जमातियों के 14 दिन तक ठहरने के कारण बचाव के उपाय तेजी के साथ किए जा रहे हैं। कस्बा की तीन किमी इलाके को स्वास्थ्य विभाग की 50 टीमों ने सील कर स्क्रीनिंग और सैनिटाइज कराया।
शामली के जिन जमातियों में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है, वे कस्बा करहल में 14 दिन तक रुके थे। इसके चलते जिला प्रशासन को करहल में उनके संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश है। कस्बा करहल के तीन किमी इलाके को सील कराकर बुधवार को यहां के लोगों की स्क्रीनिंग कराई गई। स्वास्थ्य विभाग की 50 टीमों ने बुधवार की दोपहर कस्बा में पहुंचकर स्क्रीनिंग का कार्य किया। वहीं नगर पंचायत करहल और स्वास्थ्य विभाग की टीमों के सहयोग से कस्बे तीन किमी क्षेत्र में सैनिटाइज का कार्य भी कराया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस ने कस्बा में जमातियों के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी है। नगर के 12 लोगों को क्वारंटीन वार्ड में भेजा गया है। वहीं कई अन्य परिवारों को घरों में रहने की ही सलाह दी गई है।